CG Railway News: सरगुजा के यात्रियों को बड़ी सौगात, अब सप्ताह में दो दिन चलेगी अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस

3 Min Read

छत्तीसगढ़ : उत्तर छत्तीसगढ़ और सरगुजा संभाग के रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। भारतीय रेलवे ने अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस का संचालन सप्ताह में एक दिन से बढ़ाकर अब दो दिन करने का फैसला लिया है। लंबे समय से इस ट्रेन के अतिरिक्त फेरे की मांग की जा रही थी, जिसे आखिरकार रेल मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है।इस फैसले के बाद दिल्ली और उत्तर भारत की यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को पहले के मुकाबले अधिक सुविधा मिलेगी।

क्षेत्र के विकास के लिए बताया अहम फैसला

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने रेलवे के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे जनहित में लिया गया महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस उत्तर छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण ट्रेन है। शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय, चिकित्सा और अन्य जरूरी कार्यों के लिए बड़ी संख्या में लोग दिल्ली और अन्य शहरों की यात्रा करते हैं। ऐसे में ट्रेन की आवृत्ति बढ़ने से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।

रेल मंत्री का जताया आभार

मंत्री राजेश अग्रवाल ने इस फैसले के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रेलवे मंत्रालय ने क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार कर जनभावनाओं का सम्मान किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी उत्तर छत्तीसगढ़ को नई रेल सेवाओं और रेलवे अधोसंरचना के क्षेत्र में कई और सौगातें मिलेंगी।

जानिए नया शेड्यूल

रेलवे के नए कार्यक्रम के अनुसार ट्रेन संख्या 22407 अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब हर मंगलवार और गुरुवार को अंबिकापुर से रवाना होगी।वहीं ट्रेन संख्या 22408 हजरत निजामुद्दीन-अंबिकापुर एक्सप्रेस अब प्रत्येक रविवार और मंगलवार को हजरत निजामुद्दीन से प्रस्थान करेगी।

लंबे समय से उठ रही थी मांग

जेडआरसीसीयू सदस्य मुकेश तिवारी ने बताया कि ट्रेन का अतिरिक्त फेरा शुरू कराने के लिए रेलवे को कई बार पत्र भेजे गए थे। वहीं सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने भी रेल मंत्री से मुलाकात कर इस ट्रेन की आवृत्ति बढ़ाने की मांग रखी थी। लगातार प्रयासों के बाद अब यात्रियों को यह बड़ी राहत मिली है।

Share this Article