छत्तीसगढ़ : के भिलाई में जेईई मेन्स परीक्षा के दौरान नकल का एक बेहद अनोखा मामला सामने आया है। एक परीक्षार्थी ने चप्पल के भीतर मोबाइल फोन छिपाकर परीक्षा देने की कोशिश की, लेकिन उसकी यह चालाकी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी। सुरक्षा कर्मी की सतर्कता के कारण पूरा मामला उजागर हो गया और छात्र को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
चलने के अंदाज ने खोल दी पोल
घटना उस समय सामने आई जब छात्र बायो ब्रेक के बाद वाशरूम से लौट रहा था। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड को उसके चलने के तरीके पर संदेह हुआ। छात्र सामान्य रूप से चलने के बजाय चप्पल घसीटते हुए आगे बढ़ रहा था, जिससे गार्ड को शक हुआ और उसने तुरंत उसे रोककर जांच शुरू की।
चप्पल की जांच में मिला मोबाइल
सुरक्षा गार्ड ने छात्र से चप्पल उतरवाकर जांच की, जिसमें हैरान करने वाला खुलासा हुआ। चप्पल को अंदर से काटकर उसमें मोबाइल फोन छिपाया गया था। यह देखकर वहां मौजूद अधिकारी भी चौंक गए।
बायो ब्रेक में बनाई गई थी योजना
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, छात्र ने बायो ब्रेक के दौरान वाशरूम में यह पूरी योजना तैयार की थी। एंट्री के समय उसने चप्पल उतार दी थी, जिससे मेटल डिटेक्टर जांच में मोबाइल पकड़ में नहीं आया। लेकिन वापसी के दौरान उसकी हरकतों ने उसे पकड़वा दिया।
तुरंत दी गई अधिकारियों को सूचना
मामला सामने आते ही सुरक्षा गार्ड ने तत्काल कमांडिंग अधिकारी, एडमिन मैनेजर और अन्य पर्यवेक्षकों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद डायल 112 को सूचना दी गई और पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने किया केस दर्ज
पुलिस ने आरोपी छात्र को हिरासत में लेकर थाने ले जाया और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस घटना के बाद परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं, साथ ही निगरानी को और सख्त करने की जरूरत महसूस की जा रही है।
