CG News: दुर्ग में पानी को लेकर खूनी संघर्ष, एक ही परिवार के दो पक्षों में जमकर मारपीट, 9 घायल

3 Min Read

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पानी को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में जमकर लाठी, डंडे, लोहे की रॉड और कुल्हाड़ी चली। इस घटना में कुल 9 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

पानी के विवाद ने लिया हिंसक रूप

जानकारी के मुताबिक शनिवार को जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के ग्राम दांडेसरा में पानी को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और हमला शुरू हो गया।आरोप है कि दोनों ओर से लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया। इस दौरान कई लोगों को गंभीर चोटें आईं।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।

घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

खूनी संघर्ष में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका इलाज डॉक्टरों की निगरानी में जारी है।पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।

पुरानी रंजिश भी बनी वजह

ग्रामीणों के अनुसार दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन विवाद चल रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं और उनके दादा सगे भाई थे।स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी जमीन विवाद को लेकर दोनों परिवारों के बीच हिंसक झड़प हो चुकी है। उस समय भी धारदार हथियारों से हमला हुआ था और बाद में पुलिस चौकी में समझौता कराया गया था।इस बार पानी को लेकर शुरू हुआ विवाद पुरानी दुश्मनी की वजह से और ज्यादा भड़क गया।

गांव में तनाव, पुलिस अलर्ट पर

घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share this Article