बिलासपुर से कोलकाता की उड़ान बहाल, रविवार को दिल्ली की फ्लाइट का समय बदला

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

बिलासपुर | छत्तीसगढ़ के बिलासा एयरपोर्ट से कोलकाता के लिए विमान सेवा फिर शुरू होगी। एलायंस एअर के नए विंटर शेड्यूल में रविवार को दिल्ली जाने वाली उड़ान का समय भी बदल दिया गया है। नया शेड्यूल 25 अक्टूबर 2026 से 27 मार्च 2027 तक लागू रहेगा।

करीब डेढ़ महीने से बंद बिलासपुर-कोलकाता उड़ान अब शुक्रवार और रविवार को संचालित होगी। शुक्रवार को कोलकाता से विमान सुबह 11:40 बजे रवाना होकर दोपहर 1:30 बजे बिलासपुर पहुंचेगा। वापसी में यह दोपहर 1:55 बजे बिलासपुर से उड़ान भरकर शाम 4:10 बजे कोलकाता पहुंचेगा।

रविवार को कोलकाता से विमान सुबह 9:30 बजे रवाना होगा और 11:15 बजे बिलासपुर पहुंचेगा। बिलासपुर से वापसी की उड़ान सुबह 11:40 बजे होगी, जो दोपहर 1:30 बजे कोलकाता पहुंचेगी।

रविवार को दोपहर में दिल्ली जाएगी फ्लाइट

विंटर शेड्यूल के मुताबिक, रविवार को प्रयागराज से आने वाला विमान सुबह 11:35 बजे बिलासपुर पहुंचेगा। इसके बाद यह दोपहर 12 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगा और 2:40 बजे पहुंचेगा। पहले बिलासपुर से दिल्ली की यह उड़ान शाम को संचालित होती थी।

बिलासपुर से दिल्ली, अंबिकापुर और प्रयागराज के लिए भी अलग-अलग दिनों में उड़ानें निर्धारित की गई हैं।

नई उड़ान नहीं मिलने पर सवाल

कोलकाता सेवा बहाल होने के बावजूद बिलासपुर को कोई नई उड़ान नहीं मिली है। हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने इस पर नाराजगी जताई है। समिति का कहना है कि रायपुर से नई उड़ानों की व्यवस्था की जा रही है, जबकि बिलासपुर की हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए कदम नहीं उठाए गए हैं।

Share this Article