छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को सर्चिंग अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। उसूर थाना क्षेत्र के पुजारी कांकेर के जंगल-पहाड़ी इलाके में संयुक्त टीम ने माओवादियों का एक डंप बरामद किया है। इसमें बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (BGL) के 143 राउंड और एक सिंटेक्स टंकी मिली है।
जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा बलों को खुफिया सूचना मिली थी कि पामेड़ एरिया कमेटी के माओवादियों ने पुजारी कांकेर कैंप से करीब पांच किलोमीटर उत्तर-पश्चिम दिशा में पहाड़ी इलाके में हथियार और अन्य सामग्री छिपाकर रखी है। सूचना के आधार पर इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
इस अभियान में 196वीं वाहिनी सीआरपीएफ और 208वीं कोबरा वाहिनी की संयुक्त टीम शामिल थी। अधिकारियों के मार्गदर्शन में जवानों ने पुजारी कांकेर के आसपास के जंगलों में तलाशी ली। इसी दौरान संदिग्ध डंप का पता चला।
जांच करने पर वहां से BGL के 143 राउंड और एक सिंटेक्स टंकी बरामद हुई। सुरक्षा बलों ने सभी सामग्रियों को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के लिए उसूर थाना पुलिस को सौंप दिया है।
पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, इस तरह के डंप की बरामदगी से क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिल सकती है।
