दुर्ग : सुपेला थाना क्षेत्र से जमीन धोखाधड़ी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने रियल एस्टेट लेन-देन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कोर्ट के निर्देश पर पुलिस ने सिम्पलेक्स कास्टिंग लिमिटेड की डायरेक्टर संगीता केतन शाह और उनके पति केतन शाह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
50 लाख का वादा, 10 लाख लेकर मुकरने का आरोप
शिकायतकर्ता सुनील कुमार सोमन के मुताबिक, 13 मार्च 2023 को ग्राम कोहका की करीब 0.10 हेक्टेयर जमीन का सौदा 50 लाख रुपये में तय हुआ था। आरोप है कि जमीन को पूरी तरह विवाद मुक्त बताकर भरोसा दिलाया गया और 10 लाख रुपये एडवांस ले लिए गए। इसके बाद न तो रजिस्ट्री की गई और न ही पैसे वापस किए गए।
सौदे के पीछे छिपा था बड़ा खेल, पहले से विवादित निकली जमीन
मामले ने तब गंभीर रूप लिया जब जांच में सामने आया कि जिस जमीन को साफ-सुथरा बताया गया था, वह पहले से ही किराए और लीज विवाद में फंसी हुई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि यह जानकारी जानबूझकर छिपाई गई, ताकि सौदा आसानी से हो सके।
जमीन के दस्तावेज पर करोड़ों का लोन, फर्जीवाड़े की परतें खुलीं
जांच के दौरान एक और बड़ा खुलासा हुआ कि इसी जमीन के दस्तावेजों को गिरवी रखकर एक्सिस फाइनेंस लिमिटेड से करीब 4.5 करोड़ रुपये का लोन लिया गया। इससे पूरे मामले में संगठित आर्थिक धोखाधड़ी की आशंका और गहरा गई है।
कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद दर्ज हुई FIR, गंभीर धाराएं लगाईं गईं
लंबे समय तक शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने के बाद मामला जिला अदालत पहुंचा। अदालत ने प्रारंभिक जांच में धोखाधड़ी के संकेत पाते हुए पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके बाद सुपेला थाना पुलिस ने आईपीसी की धारा 420, 467, 468, 471 और 120बी के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
राजनीतिक कनेक्शन ने बढ़ाई चर्चा, सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल
मामला सामने आने के बाद संगीता केतन शाह और उनके पति की कुछ नेताओं के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। बताया जा रहा है कि संगीता शाह ने पिछला विधानसभा चुनाव वैशाली नगर सीट से भी लड़ा था, जिससे इस प्रकरण की चर्चा और तेज हो गई है।
हर एंगल से जांच शुरू, दस्तावेज और लेन-देन की होगी गहन पड़ताल
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। इसमें जमीन के दस्तावेजों की सत्यता, बैंक लोन की प्रक्रिया और पूरे वित्तीय लेन-देन की गहराई से जांच की जा रही है, ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके।
