देशहित में बड़ा संदेश, पीएम मोदी ने फिर की ईंधन और सोना बचाने की अपील

4 Min Read

वडोदरा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से एक बार फिर पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने की अपील की है। 24 घंटे के भीतर यह दूसरी बार है जब उन्होंने इस मुद्दे पर लोगों को संबोधित किया। गुजरात के वडोदरा में दिए गए भाषण में उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक हालात को देखते हुए देश को सामूहिक भागीदारी की जरूरत है।

वैश्विक संकट को बताया दशक की सबसे बड़ी चुनौती

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुनिया इस समय कई बड़े संकटों से गुजर रही है। पहले कोरोना महामारी, फिर वैश्विक आर्थिक अस्थिरता और अब पश्चिम एशिया में युद्ध जैसी स्थिति ने पूरी दुनिया को प्रभावित किया है।उन्होंने कहा कि यदि कोरोना इस सदी का सबसे बड़ा संकट था, तो पश्चिम एशिया का युद्ध इस दशक की सबसे गंभीर समस्या बन चुका है। इसका असर वैश्विक सप्लाई चेन और अर्थव्यवस्था पर साफ दिखाई दे रहा है।

भारत पर दोहरा आर्थिक दबाव

पीएम मोदी ने कहा कि भारत कई जरूरी वस्तुओं के लिए विदेशों पर निर्भर है, जिससे देश पर आर्थिक दबाव बढ़ता है। विशेष रूप से कच्चा तेल देश के आयात का बड़ा हिस्सा है।उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र से दुनिया में सबसे ज्यादा तेल सप्लाई होता है, वही आज अस्थिरता और युद्ध से प्रभावित है। ऐसे में भारत को छोटे-छोटे स्तर पर बचत के प्रयास करने होंगे।

सार्वजनिक परिवहन और ईवी अपनाने पर जोर

प्रधानमंत्री ने लोगों से मेट्रो, इलेक्ट्रिक बस और सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार पूलिंग को बढ़ावा दिया जाए और एक ही वाहन में ज्यादा लोगों के साथ यात्रा की जाए।उन्होंने इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग करने वालों से भी दूसरों की मदद के लिए आगे आने की बात कही।

डिजिटल कामकाज और ऑनलाइन व्यवस्था पर फोकस

पीएम मोदी ने डिजिटल टेक्नोलॉजी के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि वर्चुअल मीटिंग और वर्क फ्रॉम होम जैसी व्यवस्थाओं को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।उन्होंने सुझाव दिया कि स्कूलों में भी ऑनलाइन शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए ताकि संसाधनों की बचत हो सके।

लोकल फॉर वोकल को बताया देश की ताकत

प्रधानमंत्री ने एक बार फिर लोकल फॉर वोकल अभियान को आगे बढ़ाने की बात कही। उन्होंने कहा कि विदेशी उत्पादों पर निर्भरता कम कर देश में बने सामानों को अपनाना चाहिए।उन्होंने कहा कि खाने के तेल जैसी चीजों की खपत कम करने से देश और स्वास्थ्य दोनों को लाभ होगा।

सोने की खरीद टालने की अपील

प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से अपील की कि मौजूदा परिस्थितियों में सोने की खरीद को टालना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश का बड़ा धन सोने के आयात पर खर्च होता है, इसलिए फिलहाल इसे जरूरी न समझा जाए।उन्होंने कहा कि ऐसे समय में छोटे-छोटे संकल्प लेकर देश की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया जा सकता है और हर नागरिक इसमें अहम भूमिका निभा सकता है।

Share this Article