छत्तीसगढ़ के स्कूलों में बड़ा बदलाव, अब दिन की शुरुआत और अंत में अनिवार्य होंगी राष्ट्रभक्ति गतिविधियां

3 Min Read

Chhattisgarh : सरकारी और निजी स्कूलों में शिक्षा विभाग ने नया शेड्यूल लागू करने का आदेश जारी किया है। नवीन सत्र 2026-27 से सभी विद्यालयों में राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान के साथ-साथ राज्यगीत और अन्य सांस्कृतिक व शैक्षणिक गतिविधियां नियमित और अनिवार्य रूप से कराई जाएंगी।महानदी भवन से जारी निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को इसे तत्काल प्रभाव से लागू कराना होगा।

तीन सत्रों में बांटी गई दैनिक स्कूल गतिविधियां
नए निर्देशों के अनुसार स्कूल की दिनचर्या को तीन हिस्सों में बांटा गया है, जिसमें विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग गतिविधियां निर्धारित की गई हैं।

सुबह प्रार्थना सभा में राष्ट्रभक्ति और प्रेरणा पर जोर
स्कूल शुरू होते ही प्रार्थना सभा का आयोजन किया जाएगा। इसमें राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, दीपमंत्र, सरस्वती वंदना और गुरु मंत्र के साथ महापुरुषों व स्वतंत्रता सेनानियों की जीवनी का वाचन किया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों और प्रेरणा का विकास करना है।

दोपहर भोजन के समय सामूहिक भोजन मंत्र अनिवार्य
मिड डे मील के दौरान सभी छात्र छात्राएं भोजन मंत्र का सामूहिक पाठ करेंगे, जिससे अनुशासन और सामूहिकता की भावना को बढ़ावा देने की बात कही गई है।

स्कूल समाप्ति पर राज्यगीत और शांति मंत्र का गायन
छुट्टी के समय स्कूलों में राज्य गीत, गायत्री मंत्र और शांति मंत्र का गायन अनिवार्य किया गया है, जिससे दिन का समापन सकारात्मक वातावरण में हो सके।

कड़ाई से लागू होंगे नियम, लापरवाही पर कार्रवाई तय
शिक्षा विभाग का मानना है कि इन गतिविधियों से छात्रों में राष्ट्रप्रेम और अनुशासन की भावना मजबूत होगी। जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे नियमित रूप से औचक निरीक्षण करें और यह सुनिश्चित करें कि सभी नियमों का पालन हो।यदि किसी स्कूल में इन निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो स्कूल प्रबंधन और प्राचार्य पर कार्रवाई की जा सकती है।

16 जून से खुलेंगे स्कूल, तैयारियों के सख्त निर्देश
Chhattisgarh में सभी स्कूल 16 जून 2026 से खुलेंगे। इसके साथ ही शाला प्रवेश उत्सव 2026 के आयोजन के लिए भी विस्तृत दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।शिक्षकों की शत प्रतिशत उपस्थिति, पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता, टाइम टेबल की तैयारी और स्कूलों की साफ सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Share this Article