रायपुर में अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस ऑपरेशन में आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से करीब 13 लाख रुपये का माल जब्त किया गया, जिसमें 9.05 लाख रुपये नकद शामिल हैं।
अफसरों के निर्देशन में संयुक्त कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के मार्गदर्शन में की गई। एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और गुढ़ियारी थाना पुलिस की टीम ने मिलकर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।
ओवरब्रिज के नीचे चल रहा था सट्टा अड्डा
पुलिस को सूचना मिली थी कि गुढ़ियारी क्षेत्र के गोंदवारा ओवरब्रिज के नीचे कुछ लोग ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। टीम ने मौके पर दबिश देकर राजा साहू और अभय साहू को गिरफ्तार किया।
मोबाइल की जांच में “Cribet99” नाम की वेबसाइट के जरिए सट्टा चलाने का खुलासा हुआ। आरोपी कॉल के माध्यम से क्रिकेट मैचों पर दांव लगवा रहे थे।
नेटवर्क का विस्तार, चार और गिरफ्तार
पूछताछ में अन्य आरोपियों के नाम सामने आए, जिनमें मंजीत सिंह, रोहित मोटवानी, हरीश सकलेचा और आकाश सिन्हा शामिल हैं। पुलिस ने अलग अलग ठिकानों पर छापेमारी कर इन सभी को भी गिरफ्तार कर लिया।
हिस्ट्रीशीटर भी निकला गिरोह का हिस्सा
गिरफ्तार आरोपी मंजीत सिंह पहले से ही गुढ़ियारी थाना का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास और जुआ एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9,05,238 रुपये नकद, 8 मोबाइल फोन और सट्टा संचालन से जुड़ी अन्य सामग्री जब्त की है।
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीके से सट्टा
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सिर्फ ऑनलाइन ही नहीं, बल्कि पट्टी के माध्यम से भी सट्टा चला रहे थे। इसके अलावा आईडी बेचकर भी अवैध कमाई की जा रही थी।
मामला दर्ज, जांच जारी
गुढ़ियारी थाना में सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
