जगदलपुर : में बस्तर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली थाना पुलिस ने इनके कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बरामद कर एक संगठित सप्लाई नेटवर्क का खुलासा किया है।
मुखबिर की सूचना पर दबिश, सड़क किनारे कर रहे थे इंतजार
पुलिस को सूचना मिली थी कि सन सिटी अटल आवास रोड के पास दो युवक मोटरसाइकिल में नशीली दवाइयों के साथ ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम बनाकर मौके पर घेराबंदी की गई और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया गया।
आरोपियों की पहचान, पूछताछ में कबूला जुर्म
पकड़े गए युवकों ने पूछताछ में अपनी पहचान आशीष जार्ज (23 वर्ष) निवासी कुम्हारपारा, मां भवानी चौक और डीगेश्वर देवदास उर्फ शूटर (22 वर्ष) निवासी कुम्हारपारा, शंकर मंदिर गली, थाना बोधघाट के रूप में बताई। दोनों ने स्वीकार किया कि वे नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के लिए वहां मौजूद थे।
तलाशी में 870 अल्प्राजोलम टेबलेट बरामद
पुलिस तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 870 प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टेबलेट बरामद करने में सफल रही। इन दवाइयों के संबंध में उनके पास कोई वैध दस्तावेज नहीं थे, जिससे साफ हो गया कि इन्हें अवैध रूप से बेचा जाना था।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई, जेल भेजे गए आरोपी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 बी के तहत मामला दर्ज कर नशीली दवाओं को जब्त कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें विशेष न्यायालय जगदलपुर में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
नशे के खिलाफ अभियान जारी
बस्तर पुलिस लगातार नशे और अपराध के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
