रतलाम में रोजगार मेले में 134 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र, मंच से ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पर सियासी तंज

2 Min Read

रतलाम। केंद्र सरकार के 19वें रोजगार मेले के तहत रतलाम में आयोजित कार्यक्रम में 134 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर और मध्यप्रदेश के एमएसएमई मंत्री चेतन्य काश्यप मौजूद रहे।

देशभर के 47 शहरों में एक साथ रोजगार मेला, 51 हजार से अधिक को नियुक्ति पत्र

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण भी किया गया। जानकारी के अनुसार, इस रोजगार मेले का आयोजन देश के 47 शहरों में एक साथ हुआ, जिसमें 51 हजार से अधिक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। रतलाम में रेलवे, आईटीआई इंदौर, डाक विभाग और सेंट्रल बैंक से जुड़े अभ्यर्थियों का चयन हुआ।

युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर जोर

मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि भारत तेजी से प्रगति कर रहा है और सरकार महिलाओं के नेतृत्व को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कोविड काल का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने न सिर्फ देश बल्कि विदेशों में भी वैक्सीन सप्लाई कर वैश्विक भूमिका निभाई।

मंच से ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पर तंज, विदेशी ताकतों का जिक्र

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने सोशल मीडिया पर सक्रिय ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का नाम लिए बिना तंज कसते हुए कहा कि कुछ छोटी पार्टियां अस्थायी होती हैं और इनके पीछे विदेशी ताकतें भारत की छवि खराब करने का प्रयास करती हैं।

इसी तरह मंत्री चेतन्य काश्यप ने भी टिप्पणी करते हुए कहा कि ऐसे संगठन आते-जाते रहते हैं और समय के साथ समाप्त हो जाते हैं।

राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर जोर

मंत्री काश्यप ने कहा कि चयनित युवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से अपने कार्य के प्रति समर्पित रहने की अपील की।

कार्यक्रम में रेलवे और अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, पद्मश्री लीला जोशी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Share this Article