एंबुलेंस बनी गांजा तस्करी का जरिया, महासमुंद पुलिस ने 50 लाख से ज्यादा की खेप पकड़ी

3 Min Read

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंबुलेंस में छिपाकर ले जाए जा रहे भारी मात्रा में गांजा को जब्त किया है। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और कोमाखान पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 77 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया है। इस मामले में महाराष्ट्र के 5 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस को मिला इनपुट, टेमरी चेक पोस्ट पर बिछाया जाल

पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक एंबुलेंस में गांजा भरकर महासमुंद के रास्ते दूसरे राज्य ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही टेमरी जांच नाका पर सघन घेराबंदी की गई।

जांच के दौरान एंबुलेंस क्रमांक MH 13 CU 0707 और उसके आगे चल रही पायलेटिंग कार MH 12 NB 5277 को रोका गया। दोनों वाहनों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ शुरू की।

तलाशी में खुला राज, एंबुलेंस से निकला 77 किलो गांजा

पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ज्यादा देर तक सच छिपा नहीं सके और वाहन में गांजा होने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद जब एंबुलेंस की तलाशी ली गई तो अंदर से करीब 77 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ।

कार्रवाई के तुरंत बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(C) और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया।

पुलिस को चकमा देने एंबुलेंस का किया इस्तेमाल

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ओडिशा के बालीगुडा क्षेत्र से गांजा लेकर महाराष्ट्र के सोलापुर जा रहे थे। तस्करों ने पुलिस जांच से बचने और संदेह से दूर रहने के लिए एंबुलेंस का सहारा लिया था। इसके साथ एक कार को पायलेट वाहन के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा था ताकि रास्ते की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

लेकिन पुलिस की सतर्कता और सटीक सूचना तंत्र के चलते पूरा नेटवर्क पकड़ में आ गया।

महाराष्ट्र के 5 आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आकाश उर्फ अक्षय जाधव, लिंबाजी जाधव, धनंजय लोखंडे, प्रथमेश पिंगले और अजय काले के रूप में हुई है। सभी आरोपी महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

50 लाख से ज्यादा की संपत्ति जब्त

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 38.50 लाख रुपये कीमत का गांजा, करीब 8 लाख रुपये की एंबुलेंस, 3 लाख रुपये की कार और 5 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। कुल जब्ती की कीमत लगभग 50.45 लाख रुपये बताई जा रही है।

चार महीने में 6000 किलो से ज्यादा गांजा जब्त

एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के अधिकारियों के मुताबिक पिछले चार महीनों में अब तक 84 मामलों में 6093 किलो से अधिक गांजा जब्त किया जा चुका है। इस दौरान 221 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

Share this Article