छत्तीसगढ़ में 10 हजार टन क्षमता की रेयर अर्थ मैग्नेट यूनिट लगाएगी AIRL, CM साय की मौजूदगी में हुआ MOU

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ में औद्योगिक निवेश और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। अर्थ इंडिया रिसोर्सेज लिमिटेड (AIRL) राज्य में 10 हजार मीट्रिक टन वार्षिक क्षमता वाली रेयर अर्थ मैग्नेट मैन्युफैक्चरिंग एवं रिसाइक्लिंग यूनिट स्थापित करेगी। इसके लिए 19 नवंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में छत्तीसगढ़ शासन और कंपनी के बीच एमओयू हुआ।

यह समझौता मेफेयर लेक रिसॉर्ट में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम ‘छत्तीसगढ़ इंडस्ट्री डायलॉग-3 : इन्विटेशन टू इन्वेस्ट’ के दौरान संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य में औद्योगिक निवेश और नवाचार की संभावनाओं को बढ़ावा देना था।

प्रस्तावित परियोजना के तहत कंपनी अत्याधुनिक अनुसंधान प्रयोगशाला और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी स्थापित करेगी। इससे क्रिटिकल मिनरल के शोधन, प्रसंस्करण, पुनर्चक्रण और रेयर अर्थ मैग्नेट निर्माण को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही खनन अपशिष्ट के पुनर्चक्रण और डाउनस्ट्रीम उद्योगों के विकास की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।

वर्तमान में AIRL की उत्पादन क्षमता 120 मीट्रिक टन प्रतिवर्ष है। कंपनी अब इसे बढ़ाकर 10 हजार मीट्रिक टन करने की दिशा में काम करेगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कंपनी के प्रतिनिधियों से चर्चा कर परियोजना में आने वाली चुनौतियों को दूर करने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ और नवा अंजोर के लक्ष्य को पूरा करने के लिए सरकार निवेशकों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Share this Article