नगरी। धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र अंतर्गत जामपानी गांव को नशामुक्त बनाने के लिए महिलाओं ने कमर कस ली है। महिला संगठन जामपानी (कसपुर) ने शराब और अन्य नशीले पदार्थों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया है। इसी सिलसिले में संगठन की पदाधिकारियों और सदस्यों ने बोरई थाना पहुंचकर थाना प्रभारी मधुनाथ ध्रुव से मुलाकात की और अभियान में पुलिस-प्रशासन का सहयोग मांगा।
थाना प्रभारी मधुनाथ ध्रुव ने महिलाओं की इस पहल की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने सामाजिक अभियान के दौरान कानून के दायरे में रहकर काम करने की समझाइश दी। साथ ही महिलाओं को उनके अधिकारों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर पुलिस की मदद लेने की सलाह दी।
महिला संगठन का मानना है कि नशे की लत से घरेलू हिंसा, आर्थिक परेशानियां और पारिवारिक विवाद जैसी समस्याएं बढ़ती हैं। इसलिए गांव की महिलाओं के साथ युवाओं और ग्रामीणों को भी जागरूक किया जाएगा।
इस अभियान में अध्यक्ष यशोदा नेताम, उपाध्यक्ष संतोषी नेताम, लता मरकाम, कनेश्वरी नेताम, शशिकला नेताम, सरिता ध्रुव, बसंती कुंजाम और शांति नेताम सहित अन्य महिलाएं सक्रिय हैं। उपसरपंच जीवन कुंजाम समेत कई ग्रामीण और युवा भी अभियान से जुड़े हैं।
संगठन ने ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि जामपानी को शराबमुक्त और नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक रूप से आगे आएं।
