बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ में पटवारियों की हड़ताल के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने पटवारियों से हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटने की अपील करते हुए कहा कि सरकार उनकी जायज मांगों पर बातचीत करने और सकारात्मक विचार करने के लिए तैयार है। हालांकि, इसके लिए पटवारियों को पहले अपने काम पर वापस आना होगा।
सरकार बातचीत के लिए तैयार
19 नवंबर को बलौदाबाजार जिले के सुहेला प्रवास के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सभी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए जनता की सेवा करनी चाहिए। सरकार पटवारियों से बातचीत के लिए पूरी तरह तैयार है। उनकी जो भी वाजिब मांगें होंगी, उन्हें पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
पटवारी भी किसान परिवारों से आते हैं
मुख्यमंत्री ने पटवारियों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि वे भी किसी न किसी किसान परिवार से आते हैं। वे किसी के बेटे और भाई हैं। इसलिए उन्हें किसानों की परेशानियों और तकलीफों को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी का काम सुचारू रूप से चल रहा है और कहीं कोई परेशानी नहीं है। ऐसे में पटवारियों को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए काम पर लौटना चाहिए।
हड़ताल के दौरान हुई कार्रवाई पर भी विचार
सीएम साय ने कहा कि पटवारी काम पर लौटें और सरकार के साथ संवाद करें। उनकी मांगों पर निश्चित रूप से विचार किया जाएगा। इसके साथ ही हड़ताल के दौरान पटवारियों पर हुई कार्रवाई को लेकर भी सरकार सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी।
आंदोलन खत्म होने की उम्मीद
मुख्यमंत्री के इस बयान को पटवारी आंदोलन के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है। सरकार ने एक ओर जायज मांगों पर विचार करने का भरोसा दिया है, वहीं दूसरी ओर हड़ताल समाप्त कर किसानों और आम जनता के हित में काम पर लौटने की अपील की है। अब सबकी नजर पटवारी संगठन के अगले फैसले पर टिकी है।
