रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन अंकुश के तहत पुलिस ने देह व्यापार के मामले का खुलासा किया है। केलो विहार स्थित एक किराये के मकान में दबिश देकर पुलिस ने 52 वर्षीय गोविंद साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
ग्राहक बनकर पहुंचा पुलिस का पाइंटर
पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोविंद साहू केलो विहार में किराये के मकान में युवती के माध्यम से अनैतिक देह व्यापार संचालित कर रहा है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और सीएसपी राहुल उईके के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस ने एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर मकान में भेजा। निर्धारित संकेत मिलते ही टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी। मौके पर आरोपी के साथ एक कमरे में युवती और कुछ आपत्तिजनक वस्तुएं मिलीं।
पीटा एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में युवती ने आरोपी द्वारा रुपये देकर अनैतिक गतिविधि के लिए लाने की जानकारी दी। तलाशी में ग्राहकों से प्राप्त 2 हजार रुपये और मोबाइल फोन जब्त किया गया।
आरोपी गोविंद साहू निवासी बोईरदादर विजयपुर के खिलाफ थाना चक्रधरनगर में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में अवैध गतिविधियों और महिलाओं के शोषण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।
