‘ज्ञानू-जानू विवाह’ वीडियो पर अमित जोगी के खिलाफ FIR, BJP के विरोध के बाद पोस्ट हटाकर मांगी माफी

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक व्यंग्य वीडियो पोस्ट करने के मामले में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के अध्यक्ष अमित जोगी के खिलाफ रायपुर में एफआईआर दर्ज कराई गई है। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के विरोध के बाद विवाद बढ़ा तो अमित जोगी ने वीडियो हटाकर सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली।

जानकारी के मुताबिक, अमित जोगी ने सोशल मीडिया पर ‘ज्ञानू-जानू विवाह’ नाम से एक व्यंग्यात्मक वीडियो पोस्ट किया था। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के मुखौटे पहने दो लोगों को सांकेतिक शादी और हनीमून के दृश्य में दिखाया गया था। यह वीडियो कथित वोट चोरी के आरोपों को लेकर विरोध दर्ज कराने के उद्देश्य से बनाया गया था।

वीडियो सामने आने के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया। भाजपा कार्यकर्ता रायपुर के सिविल लाइंस थाने पहुंचे और अमित जोगी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।

अमित जोगी ने पोस्ट हटाकर मांगी माफी

विवाद बढ़ने के बाद अमित जोगी ने 2 नवंबर को वीडियो हटाते हुए सोशल मीडिया पर माफी मांगी। उन्होंने स्वीकार किया कि मुख्य चुनाव आयुक्त के विरोध में संदेश देने का उनका तरीका गलत था। जोगी ने कहा कि विरोध के दूसरे तरीके भी अपनाए जा सकते थे और किसी के निजी रिश्तों को व्यंग्य का विषय बनाना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य विरोध दर्ज कराना था, लेकिन इस दौरान किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वे इसके लिए माफी मांगते हैं। फिलहाल मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।

Share this Article