रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में दर्शकों को भारतीय वायु सेना के जवानों का रोमांचक स्काईडाइविंग प्रदर्शन देखने को मिलेगा। नवा रायपुर में वायु सेना की विशेष टीम ‘आकाशगंगा’ के आठ प्रशिक्षित जवान करीब 8 हजार फीट की ऊंचाई से छलांग लगाकर अपने साहस और सैन्य कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
इस विशेष प्रदर्शन का नेतृत्व स्क्वाड्रन लीडर आर्यन कैंत्युरा करेंगे। टीम आगरा से एएन-32 विमान के जरिए नवा रायपुर पहुंचेगी। आसमान से एक साथ छलांग लगाने के बाद जवान पैराशूट की मदद से निर्धारित स्थान पर सुरक्षित लैंडिंग करेंगे।
प्रदर्शन के दौरान दर्शकों को हवा में रोमांचक करतब, पैराशूट संचालन में सटीकता और जवानों के बीच बेहतरीन तालमेल देखने को मिलेगा। ‘आकाशगंगा’ टीम का यह प्रदर्शन राज्योत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहेगा।
राज्योत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच वायु सेना के जवानों का यह प्रदर्शन आयोजन में देशभक्ति और सैन्य शौर्य का नया रंग जोड़ेगा। नवा रायपुर में इस कार्यक्रम को लेकर लोगों में उत्साह है।
