नवा रायपुर बनेगा टेक्नोलॉजी हब, 51 हजार करोड़ की रेल परियोजनाओं से बढ़ेंगे निवेश और रोजगार

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को नई दिशा देने के लिए राज्य सरकार आईटी, सेमीकंडक्टर, एआई, फार्मा, टेक्सटाइल और ग्रीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों पर जोर दे रही है। पिछले तीन वर्षों में प्रदेश को नौ लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनसे करीब पौने दो लाख लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।

औद्योगिक विकास नीति 2024-2030 के तहत ग्रीन स्टील, आईटी, एआई, टेक्सटाइल और फूड प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। करीब 1,100 करोड़ रुपये की सेमीकंडक्टर परियोजना पर काम चल रहा है। वहीं, नवा रायपुर को आधुनिक टेक्नोलॉजी हब और इंडस्ट्री एक्सीलेंस हब के रूप में विकसित करने की तैयारी है।

प्रदेश में 51,080 करोड़ रुपये की रेल परियोजनाएं भी चल रही हैं। सरकार के मुताबिक, बेहतर रेल कनेक्टिविटी से परिवहन लागत कम होगी और उद्योगों, ऊर्जा क्षेत्र तथा किसानों को लाभ मिलेगा। इससे निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावना है।

नवा रायपुर में राज्य की पहली कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण इकाई स्थापित की जा रही है। इसमें 152.74 करोड़ रुपये का निवेश और करीब 3,500 युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है। ग्रीन स्टील क्षेत्र में 13,840 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों से 10,921 रोजगार सृजित होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा 41,750 करोड़ रुपये के एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस जैसे प्रस्तावों पर भी सहमति बनी है।

उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के अनुसार, नई औद्योगिक नीति से प्रदेश में निवेश बढ़ रहा है और रोजगार के अवसर तैयार हो रहे हैं।

Share this Article