रायपुर: भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री और छत्तीसगढ़ प्रभारी स्मृति ईरानी दो दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचीं। प्रदेश प्रभारी बनने के बाद यह उनका छत्तीसगढ़ का पहला दौरा है। उनके साथ पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री और प्रदेश सह प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू भी मौजूद हैं।
इस दौरे के दौरान स्मृति ईरानी पार्टी के सांसदों, विधायकों, मंत्रियों और संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगी। इन बैठकों में संगठन की गतिविधियों और आगामी चुनावों की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।
‘मन की बात’ के साथ शुरू होंगी बैठकें
रविवार को सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के साथ बैठकों का दौर शुरू होगा। इसके बाद प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ चर्चा होगी।
दोपहर में संभाग और जिला प्रभारियों के साथ बैठक प्रस्तावित है। शाम को पूर्व सांसदों, विधायकों और पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों से चर्चा की जाएगी। दिन के अंत में भाजपा कोर ग्रुप की बैठक होगी।
सोशल मीडिया पर भी नजर
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, नेताओं से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने पर जोर देने को कहा गया है। भाजपा का आईटी सेल पदाधिकारियों की सोशल मीडिया गतिविधियों की समीक्षा भी करेगा।
सोमवार को मंत्रियों और विधायकों से मुलाकात
दौरे के दूसरे दिन सोमवार को स्मृति ईरानी भाजपा के सांसदों, विधायकों और राज्य सरकार के मंत्रियों के साथ बैठक करेंगी। निगम, मंडल और आयोगों के अध्यक्षों तथा उपाध्यक्षों से भी चर्चा होगी।
भाजपा के इस दौरे को वर्ष 2028 के छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव और 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
