इंदौर। मध्य प्रदेश में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और डेटा सेंटर के क्षेत्र में बड़ा निवेश प्रस्तावित है। अबूधाबी की कंपनी सीएमपी इन्वेस्ट प्रदेश में करीब 22,197 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव देगी। कंपनी के प्रतिनिधि मुख्यमंत्री से मुलाकात कर निवेश योजनाओं पर चर्चा करेंगे।
इंदौर में आयोजित सेमीकंडक्टर समिट में 21 कंपनियों के प्रतिनिधि मुख्यमंत्री और मध्य प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। चर्चा में सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर, इलेक्ट्रॉनिक्स, क्वांटम कंप्यूटिंग और डिजिटल हेल्थ जैसे क्षेत्र शामिल होंगे।
सेमीकंडक्टर क्षेत्र में लालवाला इंडस्ट्रीज, स्पिंट्रानिक्स एआई, डिजिकाम सेमीकंडक्टर और यूएसटी ग्लोबल के निवेश प्रस्तावों पर चर्चा होगी। वहीं, ईएसडीएम क्षेत्र में उना इको सिस्टम्स और केंस टेक्नोलॉजी के प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा।
समिट के दौरान पांच प्रमुख संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) किए जाने की योजना है। इनमें इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर स्किल्स काउंसिल ऑफ इंडिया, सेमी इंडिया, सेमीकंडक्टर लेबोरेटरी मोहाली और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्नोलॉजीज शामिल हैं। इन सहयोगों का उद्देश्य प्रशिक्षण, चिप डिजाइन, कौशल विकास और तकनीकी क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देना है।
इसके अलावा, इंदौर के परदेशीपुरा स्थित आईटी पार्क-4 में सात कंपनियों को कुल 44,816 वर्ग फुट कार्यालय स्थान के लिए आशय-पत्र (एलओआई) दिया जाएगा। इनमें सेमीकंडक्टर, एवीजीसी-एक्सआर और आईटी क्षेत्र की कंपनियां शामिल हैं।
समिट से प्रदेश में तकनीकी निवेश और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
