दुर्ग के स्टील प्लांट में बड़ा हादसा, 1600 डिग्री का पिघला लोहा गिरने से ठेकेदार की मौत

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के बोरई-रसमड़ा स्थित जेडी स्टील प्लांट में दर्दनाक हादसे में ठेकेदार संतोष कुमार श्रीवास्तव की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मशीन से निकला करीब 1600 डिग्री सेल्सियस तापमान वाला पिघला लोहा उनके शरीर पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, हादसा 17 अक्टूबर की देर रात हुआ। संतोष कुमार श्रीवास्तव प्लांट में ठेकेदारी का काम करते थे। इसी दौरान मशीन के एक हिस्से का नोजल नीचे आ गया और पिघला लोहा उनके ऊपर गिर पड़ा। उन्हें इलाज के लिए भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने का दावा किया जा रहा है। इसमें एक व्यक्ति आग की लपटों से घिरा सीढ़ियों से नीचे भागता दिखाई देता है। आसपास मौजूद लोग उसे बचाने की कोशिश करते नजर आते हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मृतक बिहार के पूर्वी चंपारण के निवासी बताए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जो अंतिम संस्कार के लिए बिहार ले गए।

हादसे की जांच में जुटी पुलिस

दुर्ग के एसएसपी विजय अग्रवाल के मुताबिक, जलने से एक व्यक्ति की अस्पताल में मौत हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों और प्लांट में सुरक्षा व्यवस्था की जांच शुरू कर दी है।

Share this Article