रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा ने आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों को लेकर संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। नवनियुक्त प्रदेश भाजपा प्रभारी स्मृति ईरानी 25 और 26 अक्टूबर को दो दिवसीय दौरे पर रायपुर आएंगी। प्रदेश प्रभारी बनने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ दौरा होगा।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, दौरे के दौरान स्मृति ईरानी विधायकों और पूर्व सांसदों से चर्चा कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा कर सकती हैं। बैठक में आगामी चुनावों की रणनीति और बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने पर जोर रहने की संभावना है।
रिपोर्ट के अनुसार, 60 से अधिक पूर्व सांसदों और विधायकों को संगठन की आगामी रणनीति के तहत नई जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं। वहीं, स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर संगठन महामंत्री कर्मवीर कार्यकर्ताओं से फीडबैक ले रहे हैं।
कांग्रेस ने साधा निशाना
स्मृति ईरानी के दौरे को लेकर प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। कांग्रेस ने महंगाई जैसे मुद्दों पर उन्हें घेरा है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने उनके राजनीतिक नेतृत्व पर सवाल उठाए।
वहीं, भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने प्रदेश प्रभारी के आगमन पर कार्यकर्ताओं में उत्साह जताया। भाजपा का जोर आगामी चुनावों से पहले संगठन को मजबूत करने और क्षेत्रीय स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर है।
