कांकेर में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, 44 वर्षीय बैगा गिरफ्तार

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली 14 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि झाड़-फूंक और उपचार के बहाने 44 वर्षीय वैद्यराज रमेश कुमार पिस्दा ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची के पांच माह की गर्भवती होने की पुष्टि के बाद मामला सामने आया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता के परिजन उसे झाड़-फूंक और उपचार के लिए आरोपी के पास ले जाते थे। इसी दौरान दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। घटना गर्मी की छुट्टियों के दौरान की बताई जा रही है।

बच्ची के स्वास्थ्य में बदलाव के बाद चिकित्सकीय जांच कराई गई, जिसमें उसके पांच माह की गर्भवती होने की पुष्टि हुई। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर कुन्दन कुमार ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), भानुप्रतापपुर अनिकेत अशोक फड़तरे की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच समिति गठित की है। समिति को तीन दिन के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने संबंधित छात्रावास अधीक्षक और मंडल संयोजक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही छात्रावासों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

Share this Article