राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत 243 युवाओं का विभिन्न पदों पर चयन किया गया है। राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों के चयनित अभ्यर्थियों को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान उन्होंने नवचयनित स्वास्थ्य कर्मियों को पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ काम करने की सलाह दी।
स्टाफ नर्स और पैरामेडिकल पदों पर चयन
सेवा संकल्प अभियान के अवसर पर स्पीकर हाउस में आयोजित कार्यक्रम में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए। चयनित पदों में स्टाफ नर्स, ग्रामीण चिकित्सा सहायक, एएनएम और अन्य पैरामेडिकल पद शामिल हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में मिलेगी मदद
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि शासकीय सेवा में चयन उपलब्धि के साथ जनसेवा की जिम्मेदारी भी है। नए स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति से स्वास्थ्य संस्थानों में मानव संसाधन बढ़ेगा और आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के सुचारू संचालन में तकनीकी और सहयोगी स्वास्थ्य कर्मचारियों की अहम भूमिका होती है।
भर्ती प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों से चर्चा
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष ने चयनित अभ्यर्थियों से भर्ती प्रक्रिया के बारे में बातचीत की। ग्रामीण चिकित्सा सहायक पद पर चयनित राम कुमार यदु ने प्रक्रिया को पारदर्शी और सुव्यवस्थित बताया। वहीं स्टाफ नर्स पद पर चयनित कामिनी ने नियुक्ति मिलने पर खुशी जाहिर की।
दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर
डॉ. रमन सिंह ने नवचयनित कर्मचारियों से अपने पदस्थापना स्थल पर प्रतिबद्धता के साथ काम करने और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कर्मियों का व्यवहार संवेदनशील और सेवाभावी होना चाहिए, ताकि मरीजों को बेहतर उपचार के साथ आत्मीयता का अनुभव भी मिले।
