रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सिंगापुर दौरे के दौरान नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन विकसित करने और छत्तीसगढ़ में ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने को लेकर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के प्रसिद्ध ‘गार्डन्स बाय द बे’ के प्रबंधन से मुलाकात कर उद्यान प्रबंधन, शहरी हरियाली और सतत विकास से जुड़े अनुभवों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री साय ने गार्डन्स बाय द बे के जनरल मैनेजर जेसन येओ और डायरेक्टर लिम चियाप सान्ग के साथ बैठक की। इस दौरान छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल को गार्डन की मास्टर प्लानिंग, सतत डिजाइन और प्रबंधन की कार्यप्रणाली के बारे में बताया गया।
बैठक में उद्यानिकी, वनस्पति संरक्षण, शहरी हरियाली, ईको-टूरिज्म और क्षमता विकास के क्षेत्र में संस्थागत सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध वन संपदा और जैव विविधता के लिए जाना जाता है। सिंगापुर के गार्डन्स बाय द बे के अनुभवों का उपयोग नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन के विकास के साथ-साथ प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में हरित क्षेत्रों के विस्तार के लिए किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे प्रयासों से राज्य में पर्यटन की संभावनाओं को विस्तार मिल सकता है और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बन सकते हैं।
इसके अलावा मुख्यमंत्री साय सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के लीडरशिप डिनर में शामिल हुए। उन्होंने छत्तीसगढ़ की औद्योगिक नीति, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, एमएसएमई, स्टार्टअप और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं की जानकारी दी।
सोमवार को मुख्यमंत्री सिंग फोरम 2026 में हिस्सा लेंगे और सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों के साथ सीईओ राउंडटेबल में राज्य की निवेश संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।
