सरगुजा : बतौली थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बासेन के पास रात करीब 8:30 बजे हुआ। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
तेज रफ्तार पिकअप ने पीछे से मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, मानपुर निवासी नान्हू, जयप्रकाश और अकलसाय एक बाइक पर सवार होकर रायगढ़ जिले के कापू से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सीतापुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
सड़क पर गिरते ही ट्रक ने कुचला
टक्कर लगने के बाद नान्हू और जयप्रकाश सड़क पर गिर पड़े। उसी समय अंबिकापुर की ओर से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप और ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गए।
हेलमेट पहनने से बच गई जान
बाइक चला रहे अकलसाय ने हेलमेट पहन रखा था, जिसके कारण उसकी जान बच गई। हालांकि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और डायल-112 की टीम ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
दशकर्म की सूचना देकर लौट रहे थे तीनों
बताया जा रहा है कि तीनों युवक परिवार में हुए निधन के बाद दशकर्म कार्यक्रम की सूचना देने रायगढ़ जिले के कापू गए थे। गांव लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के बाद मानपुर गांव में शोक का माहौल है।
फरार वाहनों की तलाश में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही एसडीओपी राजेंद्र मंडावी और बतौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने यातायात बहाल कराया और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मर्चुरी भेज दिया। फिलहाल फरार पिकअप और ट्रक की तलाश की जा रही है।
सीसीटीवी व्यवस्था पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर पर्याप्त और उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरों का अभाव है। कई स्थानों पर लगे कैमरे भी बंद पड़े हैं, जिससे हिट एंड रन मामलों में आरोपियों तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। लोगों ने प्रशासन से पूरे मार्ग पर आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे मामलों की जांच तेजी से हो सके और दोषियों पर जल्द कार्रवाई हो।
