धमतरी। नगरी क्षेत्र में शनिवार शाम हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। नगरी-गरियाबंद मार्ग पर अज्ञात हमलावरों ने एक मछली कारोबारी पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मछली कारोबार से जुड़े थे विपलभ मंडल
जानकारी के अनुसार 55 वर्षीय विपलभ मंडल लंबे समय से गरियाबंद जिले के बोईरगांव क्षेत्र में रहकर मछली का कारोबार कर रहे थे। नगरी में भी उनकी दुकान संचालित थी। शनिवार को रोज की तरह दुकान बंद करने के बाद वह वापस घर लौट रहे थे।
रास्ते में घेरकर किया हमला
बताया जा रहा है कि रास्ते में कुछ अज्ञात लोगों ने उनका वाहन रोक लिया। उस समय उनके साथ चुम्मन यादव भी मौजूद थे। हमलावरों ने पहले उनके साथ अभद्रता की, जिसके बाद वह किसी तरह वहां से निकलकर मदद लेने में सफल रहे। इसी दौरान आरोपियों ने विपलभ मंडल पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
गंभीर रूप से घायल विपलभ मंडल को तत्काल नगरी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।
हत्या की वजह तलाशने में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामले की जांच कई एंगल से की जा रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय हैं। जांच पूरी होने के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा होने की उम्मीद है।
