बिलासपुर। जिले में रविवार 28 जून को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का आयोजन किया जाएगा। अभियान के तहत जन्म से लेकर पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो से बचाव के लिए दवा की दो बूंद पिलाई जाएगी। पहले दिन जिलेभर में बनाए गए विशेष पोलियो बूथों पर बच्चों को दवा दी जाएगी। वहीं 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी, जो पहले दिन बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे।
पोलियो मुक्त भारत की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि भारत वर्ष 2014 में पोलियो मुक्त घोषित हो चुका है। हालांकि कुछ पड़ोसी देशों में अब भी पोलियो के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने और बच्चों को इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से हर वर्ष राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान चलाया जाता है।
जिलेभर में बनाए गए 1530 पोलियो बूथ
अभियान के लिए बिलासपुर जिले में कुल 1530 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। ये बूथ जिला अस्पताल, सिम्स, सभी शासकीय अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, उप स्वास्थ्य केंद्रों और आंगनबाड़ी केंद्रों में संचालित होंगे। इस अभियान के दौरान जिले के जन्म से पांच वर्ष तक की आयु के 2 लाख 78 हजार 149 बच्चों तक पोलियो रोधी दवा पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
संवेदनशील क्षेत्रों में रहेंगी विशेष मोबाइल टीमें
स्वास्थ्य विभाग ने यह भी सुनिश्चित किया है कि कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रहे। इसके लिए बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, ईंट-भट्ठों, कोयला भट्ठों, निर्माण स्थलों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष मोबाइल टीमों की तैनाती की गई है। ये टीमें मौके पर पहुंचकर बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी।
अभिभावकों से की गई सहयोग की अपील
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा गढ़ेवाल ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने जन्म से पांच वर्ष तक के बच्चों को 28 जून को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर जाएं और उन्हें पोलियो रोधी दवा की दो बूंद जरूर पिलाएं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि हर बच्चे तक दवा पहुंचाना ही इस अभियान की सबसे बड़ी सफलता होगी।
