घर में गहरी नींद में सोता रहा परिवार, चोरों ने पार कर दिए 3 लाख के जेवर और नकदी, सुबह खुला चोरी का राज

3 Min Read

बिलासपुर। जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र स्थित वेदपरसदा गांव में चोरों ने एक सूने घर को नहीं, बल्कि सोते हुए परिवार के बीच घुसकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। देर रात घर में दाखिल हुए बदमाश सोने-चांदी के जेवर और नकदी सहित करीब तीन लाख रुपए का सामान लेकर फरार हो गए। सुबह जब परिवार को घटना की जानकारी मिली तो सभी के होश उड़ गए।

रात तीन बजे खुला दरवाजा देख मां को हुआ शक

जानकारी के अनुसार वेदपरसदा निवासी देवकुमार पटेल का परिवार 24 जून की रात भोजन करने के बाद अपने-अपने कमरों में सो गया था। रात करीब तीन बजे उनकी मां नीरा बाई की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि बाड़ी की ओर जाने वाला दरवाजा खुला हुआ है। उन्हें कुछ गड़बड़ी का अंदेशा हुआ, जिसके बाद उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों को जगाया।

कमरे का दरवाजा बाहर से बंद, जांच में सामने आई बड़ी चोरी

परिवार ने जब घर की जांच शुरू की तो पता चला कि देवकुमार पटेल के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। दरवाजा खोलकर उन्हें बाहर निकाला गया। इसके बाद घर के अन्य कमरों की तलाशी लेने पर अलमारी का सामान बिखरा मिला और चोरी का खुलासा हुआ।

सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर फरार हुए बदमाश

परिजनों के मुताबिक चोर अलमारी में रखे सोने का मंगलसूत्र, सोने के टॉप्स, करीब 10 तोला चांदी का करधन, 10 जोड़ी बिछिया, चांदी की पायल और 2,500 रुपए नकद लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग तीन लाख रुपए बताई जा रही है।

मौके पर पहुंची पुलिस, सुराग जुटाने में जुटी जांच टीम

घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में पूछताछ कर प्रारंभिक जानकारी जुटाई, लेकिन फिलहाल आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के सहारे तलाश जारी

पुलिस आसपास के संभावित रास्तों की जांच करने के साथ सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। वहीं घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने भी नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Share this Article