CG News: पुलिस मुख्यालय से जब्त एक्टिवा ही हो गई चोरी, ढाई महीने बाद वाहन लेने पहुंचे मालिक के उड़ गए होश

3 Min Read

रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यातायात मुख्यालय परिसर में सुरक्षित रखी गई जब्त एक्टिवा रहस्यमय तरीके से गायब हो गई। वाहन मालिक जब करीब ढाई महीने बाद अपनी गाड़ी छुड़ाने पहुंचा तो वहां एक्टिवा नहीं मिली। मामले की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शराब पीकर वाहन चलाने के दौरान हुई थी जब्ती

पुलिस के अनुसार प्रधान आरक्षक शरद धनगर की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। जानकारी के मुताबिक 3 मार्च को यातायात थाना फाफाडीह की टीम नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चला रही थी। इसी दौरान विष्णु यादव को शराब के नशे में एक्टिवा चलाते हुए पकड़ा गया।

जांच के दौरान पता चला कि चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। वाहन पर तीन लोग सवार थे और नंबर प्लेट भी निर्धारित नियमों के अनुरूप नहीं थी। इसके बाद मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए एक्टिवा को जब्त कर लिया गया।

जगह की कमी के कारण मुख्यालय परिसर में रखा गया था वाहन

यातायात थाना फाफाडीह परिसर में जब्त वाहनों के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं होने के कारण 29 मार्च को संबंधित एक्टिवा को गुरुकुल कॉम्प्लेक्स के पास स्थित यातायात मुख्यालय परिसर में खड़ा कर दिया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वाहन का पंजीयन पूनम भोयर के नाम पर दर्ज है।

वाहन लेने पहुंचे तो मिली खाली जगह, अब चोरी की जांच में जुटी पुलिस

करीब ढाई महीने बाद 15 जून को विष्णु यादव जब जब्त वाहन छुड़ाने मुख्यालय पहुंचा तो वहां एक्टिवा गायब मिली। इसके बाद मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। जांच के दौरान वाहन का कोई पता नहीं चलने पर कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर लिया है।

मुख्यालय से वाहन गायब होने पर उठे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

पुलिस परिसर के भीतर से जब्त वाहन चोरी होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this Article