हवाई यात्रियों के लिए बड़ी सौगात, 15 जुलाई से इंदौर-अबू धाबी के बीच शुरू होगी डायरेक्ट फ्लाइट

2 Min Read

इंदौर। विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने इंदौर से संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू करने का फैसला किया है। यह नई फ्लाइट 15 जुलाई 2026 से शुरू होगी। इसके साथ ही इंदौर से शारजाह रूट की जगह अब अबू धाबी के लिए डायरेक्ट कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी।

करीब छह साल बाद इंदौर एयरपोर्ट से किसी नए अंतरराष्ट्रीय रूट पर नियमित उड़ान सेवा शुरू की जा रही है, जिससे मध्य प्रदेश के यात्रियों को बड़ा लाभ मिलेगा।

सप्ताह में चार दिन मिलेगी सुविधा

नई उड़ान सप्ताह में चार दिन संचालित होगी। एयर इंडिया एक्सप्रेस के अनुसार सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को फ्लाइट शाम 7:50 बजे इंदौर से रवाना होगी। वहीं रविवार को उड़ान का समय अलग रहेगा और फ्लाइट रात 8:50 बजे अबू धाबी के लिए उड़ान भरेगी।

यह रहेगा नियमित शेड्यूल

सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को इंदौर से फ्लाइट भारतीय समयानुसार शाम 7:50 बजे रवाना होकर यूएई समयानुसार रात 9:35 बजे अबू धाबी पहुंचेगी।

वापसी में अबू धाबी से विमान यूएई समयानुसार रात 10:35 बजे उड़ान भरेगा और भारतीय समयानुसार रात 3:20 बजे इंदौर पहुंचेगा।

रविवार को बदला रहेगा समय

रविवार को इंदौर से फ्लाइट भारतीय समयानुसार रात 8:50 बजे रवाना होगी और यूएई समयानुसार रात 10:35 बजे अबू धाबी पहुंचेगी।

वापसी में विमान यूएई समयानुसार रात 11:35 बजे उड़ान भरेगा और भारतीय समयानुसार सुबह 4:20 बजे इंदौर एयरपोर्ट पर पहुंचेगा।

सिर्फ 3 घंटे 15 मिनट में पूरा होगा सफर

इंदौर और अबू धाबी के बीच यह सीधी उड़ान लगभग 3 घंटे 15 मिनट में यात्रा पूरी करेगी। इससे यात्रियों का समय बचेगा और कनेक्टिंग फ्लाइट की परेशानी भी खत्म होगी।

इतना होगा शुरुआती किराया

एयरलाइंस कंपनी और ट्रेवल एजेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अनुसार इंदौर-अबू धाबी डायरेक्ट फ्लाइट का शुरुआती किराया 16,500 रुपये रखा गया है। नई सेवा शुरू होने से मध्य प्रदेश के यात्रियों को यूएई जाने के लिए पहले से अधिक सुविधाजनक और तेज हवाई विकल्प उपलब्ध होगा।

Share this Article