बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत, पुराने बकाया बिल पर मिलेगी 75 प्रतिशत तक की छूट, 30 जून तक करें आवेदन

3 Min Read

Old Power Bills Get Discount: अगर लंबे समय से आपका बिजली बिल बकाया है और बढ़ते-बढ़ते भुगतान की राशि काफी अधिक हो गई है, तो अब राहत पाने का मौका है। राज्य सरकार की ‘समाधान योजना’ के तहत पात्र उपभोक्ताओं को पुराने बिजली बिलों पर 75 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। हालांकि इस योजना का लाभ उठाने के लिए केवल 30 जून तक का समय ही शेष है।

15 लाख उपभोक्ताओं को मिलेगा फायदा

बिजली वितरण कंपनी के अनुसार इस योजना से प्रदेश के करीब 15 लाख बकायेदार उपभोक्ताओं को लाभ मिलना है। अब तक 8 लाख से अधिक उपभोक्ता पंजीयन करा चुके हैं, जो कुल लक्षित लाभार्थियों का लगभग 52 प्रतिशत है। वहीं करीब 48 प्रतिशत पात्र उपभोक्ता अब भी योजना से नहीं जुड़े हैं।

‘मोर बिजली’ ऐप पर करना होगा पंजीयन

योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं को सबसे पहले ‘मोर बिजली’ ऐप पर अनिवार्य रूप से पंजीयन कराना होगा। पंजीयन के बाद पात्र उपभोक्ता निर्धारित शर्तों के अनुसार अपने पुराने बकाया बिजली बिल पर छूट का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।बिजली कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार न करें और समय रहते पंजीयन कर योजना का लाभ उठाएं।

किन उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ

बिजली वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक भीम सिंह कंवर ने बताया कि 5 मार्च 2026 से शुरू की गई समाधान योजना के तहत बीपीएल, अशासकीय निम्न दाब घरेलू और कृषि श्रेणी के ऐसे उपभोक्ताओं को राहत दी जा रही है, जिनके 31 मार्च 2023 तक के बिजली बिल बकाया हैं।योजना के अंतर्गत मूल बकाया राशि और अधिभार में निर्धारित नियमों के अनुसार छूट दी जा रही है। कंपनी के अनुसार सरचार्ज में मिलने वाली छूट की गणना चालू माह के देयक पर लागू अधिभार के आधार पर की जा रही है।

30 जून के बाद नहीं मिलेगा मौका

बिजली कंपनी ने स्पष्ट किया है कि समाधान योजना का लाभ लेने के लिए 30 जून अंतिम तिथि है। ऐसे में पात्र उपभोक्ताओं के लिए यह आखिरी अवसर है कि वे समय पर पंजीयन कर पुराने बिजली बिल का बोझ कम करें और रियायती दर पर बकाया राशि का भुगतान कर राहत प्राप्त करें।

Share this Article