धमतरी को मिलेगी विकास की नई रफ्तार, कलेक्टर ने ऑडिटोरियम, चौपाटी, सड़क और क्रिकेट स्टेडियम का किया निरीक्षण

4 Min Read

धमतरी : नागरिक सुविधाओं के विस्तार और शहरी अधोसंरचना को मजबूत बनाने के लिए चल रहे विकास कार्यों की कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर समीक्षा की। उन्होंने निर्माणाधीन ऑडिटोरियम, कांटा तालाब चौपाटी, सड़क चौड़ीकरण परियोजना और पीजी कॉलेज परिसर स्थित क्रिकेट स्टेडियम में विकसित हो रही सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

आधुनिक सुविधाओं से बदलेगी धमतरी की तस्वीर

कलेक्टर ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद धमतरी शहर को आधुनिक और सुव्यवस्थित स्वरूप मिलेगा। बेहतर सड़कें, यातायात व्यवस्था, मनोरंजन स्थल, सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए आधुनिक भवन और खेल सुविधाएं नागरिकों के जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन धमतरी को सुविधासंपन्न, आकर्षक और जनहित केंद्रित शहर के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

सड़क चौड़ीकरण से यातायात होगा सुगम

निरीक्षण के दौरान सिहावा चौक से कोलियरी और रत्नाबांधा से मुजगहन तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने ड्रेनेज सिस्टम, पैदल पथ, बिजली लाइन शिफ्टिंग और ट्रैफिक प्रबंधन की जानकारी लेते हुए सभी संबंधित विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद शहर में यातायात अधिक सुरक्षित और सुचारु होगा।

अक्टूबर तक तैयार होगा अत्याधुनिक ऑडिटोरियम

सिहावा चौक के पास बन रहे आधुनिक ऑडिटोरियम का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने फाल्स सीलिंग, वातानुकूलन, उन्नत साउंड सिस्टम, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था और दर्शकों के लिए आरामदायक बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ऑडिटोरियम का निर्माण अक्टूबर तक हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि जिले में सांस्कृतिक, शैक्षणिक और सामाजिक आयोजनों को नई पहचान मिल सके।

कांटा तालाब चौपाटी बनेगी शहर का आकर्षण

कांटा तालाब में विकसित की जा रही चौपाटी का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने इसे शहर का प्रमुख आकर्षण केंद्र बनाने पर जोर दिया। उन्होंने बहु-प्रवेश द्वार, व्यवस्थित दुकानों, आकर्षक सेल्फी पॉइंट, बेहतर सौंदर्यीकरण और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि यह स्थल परिवारों के लिए मनोरंजन और अवकाश बिताने का प्रमुख सार्वजनिक केंद्र बनेगा।

क्रिकेट स्टेडियम में बढ़ेंगी खिलाड़ियों की सुविधाएं

बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर स्थित क्रिकेट स्टेडियम में भी कलेक्टर ने निर्माणाधीन सुविधाओं का जायजा लिया। यहां खिलाड़ियों की मांग के अनुरूप ड्रेसिंग रूम, रेस्ट रूम और किचन जैसी आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के पूरा होने से स्टेडियम को बीसीसीआई मानकों के अनुरूप विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी, जिससे भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन का रास्ता खुलेगा।

हर विकास कार्य में गुणवत्ता और पारदर्शिता पर जोर

कलेक्टर ने रत्नाबांधा और मुस्कान क्षेत्र के बीच स्थित तालाब परिसर का भी निरीक्षण कर वहां चौपाटी निर्माण की संभावनाओं का आकलन किया। साथ ही पीजी कॉलेज मार्ग का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि नागरिकों को स्थायी और बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर इंदिरा देवहारी, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता चहल, एसडीएम पीयूष तिवारी, नगर निगम उपायुक्त पीसी सार्वा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Share this Article