CG Weather: छत्तीसगढ़ में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, कई जिलों में झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

3 Min Read

छत्तीसगढ़ : मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे मौसम सुहावना हो गया है। हालांकि मध्य प्रदेश की सीमा से लगे कुछ जिले अभी भी मानसून की पूर्ण पहुंच का इंतजार कर रहे हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है।

सरगुजा संभाग तक पहुंचा मानसून

दंतेवाड़ा से प्रवेश करने के बाद मानसून ने अब सरगुजा संभाग को भी अपनी चपेट में ले लिया है। पिछले 24 घंटों के दौरान जशपुर, मुंगेली, बिलासपुर, बेमेतरा, कबीरधाम, कोंडागांव, सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर और नारायणपुर सहित कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई।

इन जिलों के लिए बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट

मौसम विभाग ने जशपुर, सरगुजा, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, मुंगेली, कबीरधाम, बेमेतरा, दुर्ग, रायपुर, गरियाबंद और कोंडागांव जिलों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

किसानों के लिए राहत लेकर आया मानसून

मानसून की सक्रियता किसानों के लिए राहत भरी खबर लेकर आई है। लंबे समय से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के लिए अब खरीफ फसलों, खासकर धान की बुवाई का अनुकूल समय माना जा रहा है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि खेतों में पर्याप्त नमी बनाए रखने के लिए कम से कम पांच इंच बारिश के बाद बुवाई करना अधिक लाभदायक होता है।

राजनांदगांव रहा सबसे ठंडा शहर

बारिश के कारण प्रदेश के कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को राजनांदगांव सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

अन्य प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान इस प्रकार रहा:

  • रायपुर: 25.5 डिग्री सेल्सियस
  • बिलासपुर: 27.1 डिग्री सेल्सियस
  • पेंड्रा रोड: 23 डिग्री सेल्सियस
  • अंबिकापुर: 24 डिग्री सेल्सियस
  • जगदलपुर: 23.5 डिग्री सेल्सियस
  • दुर्ग: 23.8 डिग्री सेल्सियस

सावधानी बरतने की अपील

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है। किसानों और आम नागरिकों से मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की भी अपील की गई है।

Share this Article