छत्तीसगढ़ में नर्सिंग शिक्षा को मिलेगा बड़ा विस्तार…9 नए सरकारी कॉलेज खुलेंगे, 198 पदों पर होगी भर्ती

3 Min Read

रायपुर: छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य शिक्षा और चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। प्रदेश में इस वर्ष नौ नए शासकीय नर्सिंग कॉलेज शुरू करने की तैयारी है। इन संस्थानों के संचालन के लिए 198 पदों पर दो वर्ष के लिए संविदा आधार पर भर्ती की जाएगी। नए कॉलेज शुरू होने से नर्सिंग शिक्षा के क्षेत्र में सरकारी सीटों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी।

इन जिलों में खुलेंगे नए सरकारी नर्सिंग कॉलेज

चिकित्सा शिक्षा विभाग के अनुसार प्रस्तावित शासकीय नर्सिंग कॉलेज बलरामपुर, बैकुंठपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, जांजगीर-चांपा, जशपुर, कुरूद-धमतरी, नवा रायपुर अटल नगर और पुसौर-रायगढ़ में स्थापित किए जाएंगे। इन कॉलेजों के लिए शिक्षकों और अन्य शैक्षणिक स्टाफ की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

198 पदों पर होगी संविदा नियुक्ति

भर्ती प्रक्रिया के तहत प्राध्यापक के 9, सह प्राध्यापक के 18, सहायक प्राध्यापक के 27 और प्रदर्शक के 144 पदों सहित कुल 198 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। चयनित अभ्यर्थियों को प्रारंभिक तौर पर दो वर्ष के लिए संविदा नियुक्ति दी जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर विभाग सेवा अवधि बढ़ाने का निर्णय ले सकेगा।

सरकारी नर्सिंग सीटों में होगा बड़ा इजाफा

वर्तमान में प्रदेश में आठ शासकीय नर्सिंग कॉलेज संचालित हैं, जहां बीएससी नर्सिंग सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों की करीब 410 सीटें उपलब्ध हैं। नौ नए कॉलेज शुरू होने के बाद सरकारी नर्सिंग कॉलेजों की संख्या बढ़कर 17 हो जाएगी और कुल सीटें 800 से अधिक पहुंच जाएंगी। इससे नर्सिंग की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को बड़ा लाभ मिलेगा।

निजी कॉलेजों पर निर्भरता होगी कम

राज्य में बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम की मांग लगातार बढ़ रही है, लेकिन सरकारी सीटें सीमित होने के कारण अधिकांश विद्यार्थियों को निजी नर्सिंग कॉलेजों का रुख करना पड़ता है, जहां अधिक फीस देनी होती है। नए सरकारी कॉलेज खुलने से विद्यार्थियों को कम खर्च में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिलेगा। साथ ही दूरदराज के क्षेत्रों के छात्रों को अपने ही जिले या आसपास पढ़ाई की सुविधा मिल सकेगी।

जानिए भर्ती प्रक्रिया का पूरा कार्यक्रम

संविदा भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 22 जून से शुरू हो चुकी है और 29 जून तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। इसके बाद 3 जुलाई को अंतरिम प्रावीण्य सूची जारी होगी। दावा-आपत्ति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम मेरिट सूची प्रकाशित की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 15 जुलाई तक शासकीय मेडिकल कॉलेज रायपुर में किया जाएगा, जबकि अंतिम चयन सूची 21 जुलाई को जारी की जाएगी।

Share this Article