राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में युवती की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विसलिंग वुड्स रिसॉर्ट को सील कर दिया है। मामले की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवती को बहला-फुसलाकर ले जाया गया, जबरन शराब पिलाई गई और उसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
मेडिकल कॉलेज से सूचना मिलने के बाद शुरू हुई जांच
पुलिस के अनुसार 18 जून को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री से एक युवती की संदिग्ध मौत की सूचना मिलने पर थाना सोमनी में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। पोस्टमार्टम कराया गया और मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल जानकारी दी गई।
रायपुर ले जाने के दौरान जबरन शराब पिलाने का आरोप
जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, परिजनों के बयान, तकनीकी साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। जांच में सामने आया कि आरोपी आशुतोष उर्फ आशु, छत्रपाल उर्फ बल्लू और घनश्याम बेलचंदन युवती को अपने साथ रायपुर ले गए। रास्ते में उसे कथित रूप से जबरन शराब पिलाई गई। इसके बाद उसे एक क्लब ले जाया गया और फिर विसलिंग वुड्स रिसॉर्ट पहुंचाया गया।
रिसॉर्ट में दुष्कर्म का आरोप, शरीर पर मिले चोट के निशान
पुलिस का कहना है कि रिसॉर्ट में नशे की हालत में युवती के साथ दुष्कर्म किया गया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि पीड़िता के शरीर पर चोट के निशान पाए गए, जिनका उल्लेख पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी किया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म कबूल किया
मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64, 115(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। हिरासत में लेकर पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।
रिसॉर्ट सील, आगे की जांच जारी
पुलिस ने घटना से जुड़े विसलिंग वुड्स रिसॉर्ट को नियमानुसार सील कर दिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
