धमतरी में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई, 480 किलो गांजा जब्त… 5 आरोपी गिरफ्तार

3 Min Read

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। अर्जुनी थाना पुलिस और श्यामतराई जांच नाके पर तैनात टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये मूल्य का गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।

संदिग्ध वाहन रोककर की गई जांच

पुलिस को सूचना मिली थी कि जगदलपुर की ओर से एक कार और पिकअप वाहन में बड़ी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच की गई। तलाशी के दौरान सफेद बोरियों में छिपाकर रखा गया 480 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

2.60 करोड़ रुपये की खेप बरामद

पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 60 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में रायपुर निवासी नौशाद खान, करण साहू, मोहम्मद शादिक और हिमांशु साहू को गिरफ्तार किया गया है। एक विधि से संघर्षरत बालक को भी हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

रायपुर और अन्य राज्यों में सप्लाई की थी तैयारी

प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि तस्कर जगदलपुर क्षेत्र से गांजा लाकर रायपुर समेत अन्य इलाकों में खपाने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस को अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग भी मिले हैं, जिनकी जांच जारी है।

चार वर्षों की सबसे बड़ी गांजा जब्ती

धमतरी पुलिस का दावा है कि जिले में पिछले चार वर्षों के दौरान यह सबसे बड़ी गांजा जब्ती की कार्रवाई है। बीते छह सप्ताह में पुलिस ने सीमावर्ती क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर लगातार अभियान चलाकर तस्करी के खिलाफ कई सफल कार्रवाइयां की हैं।

नशे के नेटवर्क पर पुलिस की सख्त नजर

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले को नशामुक्त बनाने और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए जांच तेज कर दी गई है।

Share this Article