रायपुर : ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने सरकारी योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर सास-बहू को अपना शिकार बना लिया। आरोप है कि महिला ने दोनों को बेहोशी का पदार्थ सुंघाकर अचेत कर दिया और घर में रखे लाखों रुपये के सोने के जेवर लेकर फरार हो गई। घटना माना थाना क्षेत्र के धरमनगर की बताई जा रही है।
पुराने गहनों की फोटो भेजने पर मदद राशि मिलने का दिया लालच
धरमनगर निवासी कमला साहू ने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह एक स्कूल में मध्यान्ह भोजन बनाने का कार्य करती हैं। घटना वाले दिन वह अपनी बहू गरिमा साहू के साथ घर पर मौजूद थीं। इसी दौरान एक अज्ञात महिला उनके घर पहुंची और बातचीत शुरू कर दी।
महिला ने खुद को किसी सरकारी योजना से जुड़ा बताते हुए कहा कि पुराने सोने के गहनों की फोटो भेजने पर शासन की ओर से चार लाख रुपये की सहायता राशि मिल सकती है। उसकी बातों पर भरोसा कर सास-बहू ने घर में रखे सोने के आभूषण निकालकर उसके सामने रख दिए।
बच्चे के रोने का फायदा उठाकर दिया वारदात को अंजाम
पीड़ितों के अनुसार गहनों की फोटो खींचने की तैयारी चल रही थी, तभी गरिमा का छोटा बच्चा रोने लगा। बच्चे को संभालने के लिए गरिमा का ध्यान दूसरी ओर चला गया। इसी दौरान कमला साहू भी कुछ पल के लिए व्यस्त हो गईं।
आरोप है कि इसी मौके का फायदा उठाकर अज्ञात महिला ने दोनों को किसी नशीले पदार्थ के संपर्क में ला दिया, जिससे वे बेहोश हो गईं।
होश आया तो गायब थे लाखों के जेवर
करीब आधे घंटे बाद जब सास-बहू को होश आया तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घर में रखे सभी सोने के जेवर गायब थे और वह महिला भी वहां से फरार हो चुकी थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोरी हुए गहनों की कीमत चार लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज के सहारे आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
शिकायत मिलने के बाद माना थाना पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध महिला की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
इस घटना के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अंजान व्यक्ति की बातों में आकर अपने कीमती सामान या निजी जानकारी साझा न करें। सरकारी योजनाओं के नाम पर मिलने वाले किसी भी प्रस्ताव की पहले आधिकारिक स्तर पर पुष्टि जरूर करें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।
