छत्तीसगढ़ में सनसनीखेज मामला, 3 साल की बच्ची की कब्र से गायब मिली खोपड़ी, तांत्रिक क्रिया की आशंका

3 Min Read

बालोद। बालोद जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। गुण्डरदेही थाना क्षेत्र के माहुद बी गांव में 3 साल की बच्ची की कब्र के साथ छेड़छाड़ और तांत्रिक क्रिया किए जाने की आशंका ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि कब्र खोदने पर बच्ची के सिर की खोपड़ी गायब मिली।

शिवरात्रि के दिन खुला पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक गांव की 3 वर्षीय प्रिया साहू की तबीयत खराब होने के कारण 9 अक्टूबर 2028 को मौत हो गई थी। परिवार ने बच्ची को गांव के मुक्तिधाम में रीति-रिवाज के साथ दफनाया था।बताया जा रहा है कि शिवरात्रि के दिन गांव का एक व्यक्ति खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसकी नजर बच्ची की कब्र पर पड़ी, जहां कुछ संदिग्ध गतिविधियों के निशान दिखाई दिए। पास जाकर देखने पर कब्र का एक हिस्सा खोदा हुआ नजर आया।

पेड़ के नीचे मिले नींबू, अगरबत्ती और चावल

ग्रामीण के अनुसार कब्र के पास स्थित पेड़ के नीचे नींबू, पान, अगरबत्ती, दीपक और अन्य पूजा सामग्री रखी हुई थी। कब्र के आसपास चावल के दाने भी बिखरे मिले। इन चीजों को देखकर गांव में तांत्रिक क्रिया की आशंका और गहरा गई।इसके बाद गांव के लोगों और जनप्रतिनिधियों को सूचना दी गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। बच्ची के परिजन भी वहां पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई।

कब्र खोदने पर सामने आया चौंकाने वाला सच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। परिजनों की मांग पर एसडीएम की अनुमति के बाद कब्र को दोबारा खोदा गया। जांच के दौरान पता चला कि बच्ची के सिर की खोपड़ी गायब है।यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग दंग रह गए और गांव में भारी आक्रोश फैल गया।

इलाके में दहशत, जांच के लिए SIT गठित

घटना के बाद पूरे गांव में डर और गुस्से का माहौल है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने स्पेशल इनवेस्टिगेशन टीम यानी एसआईटी का गठन किया है।

जानकारी के अनुसार राजहरा सीएसपी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। टीम में कई थाना प्रभारियों और पुलिसकर्मियों को भी शामिल किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर कब्र से छेड़छाड़ किसने और किस मकसद से की।

Share this Article