CG News: सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाने के सामने कांग्रेस का प्रदर्शन जारी है. पूर्व डिप्टी सीएम टीएम सिंहदेव ने आमरण अनशन शुरू कर दिया है. कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज भी भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं. मंगलवार को प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल हुए. इस मौके पर भूपेश बघेल ने पुलिस प्रशासन को धमकी देते हुए कहा कि किसी दिन हमारी भी सरकार आएगी. एसपी और आईजी भी समझ लें.
विश्रामपुर थाने के सामने कांग्रेस का प्रदर्शन
कांग्रेस ने जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ दर्ज आर्म्स एक्ट की FIR वापस लेने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि इसके विरोध में टीएस सिंहदेव आमरण अनशन पर बैठे हैं, जबकि दीपक बैज भूख हड़ताल कर रहे हैं.
भूपेश बघेल ने पुलिस प्रशासन को दी धमकी
भूपेश बघेल ने पुलिस प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश के कांग्रेसजन चूड़ी पहनकर नहीं बैठे हैं. उन्होंने कहा कि थानेदार का नाम हमेशा याद रखा जाएगा. सरकार आती-जाती रहती है. किसी दिन हमारी भी सरकार आएगी. एसपी और आईजी भी समझ लें. जब मामला आपकी जानकारी में आ गया है तो सुधार कर लीजिए, नहीं तो इसे याद रखा जाएगा.
