भिलाई पहुंचे बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष, झीरम कांड से लेकर पेट्रोल-डीजल तक कांग्रेस पर बोला बड़ा हमला

3 Min Read

छत्तीसगढ़ : भिलाई पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने सोमवार को मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। झीरम घाटी कांड, नक्सलवाद, नीट परीक्षा और पेट्रोल-डीजल की कीमतों जैसे मुद्दों पर उन्होंने कांग्रेस की नीतियों और पिछले कार्यकाल को घेरते हुए कई तीखे बयान दिए।

झीरम घाटी कांड पर कांग्रेस से पूछे तीखे सवाल

झीरम घाटी कांड की 13वीं बरसी के मौके पर किरण सिंहदेव ने कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की पांच साल तक सरकार रही, लेकिन उस दौरान झीरम कांड की सच्चाई सामने क्यों नहीं लाई गई।उन्होंने याद दिलाया कि चुनाव के समय कांग्रेस ने वादा किया था कि सरकार बनते ही झीरम कांड की पूरी सच्चाई जनता के सामने लाई जाएगी, लेकिन पूरे कार्यकाल में इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

बस्तर में तेजी से खत्म हो रहा नक्सलवाद: किरण सिंहदेव

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार ने नक्सलवाद खत्म करने का जो लक्ष्य तय किया था, उस पर तेजी से काम हुआ है। उनके मुताबिक अब बस्तर में शांति का माहौल बन रहा है और लगातार विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।उन्होंने बताया कि बस्तर के अंदरूनी इलाकों में सड़क, स्वास्थ्य, परिवहन और इंफ्रास्ट्रक्चर सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा 60 से ज्यादा बसों को दूरस्थ क्षेत्रों के लिए रवाना किए जाने का भी उन्होंने जिक्र किया।साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ अब दूर-दराज के गांवों तक पहुंच रहा है और विकास कार्यों में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी।

कांग्रेस अब सीमित राज्यों की पार्टी बनकर रह गई

कांग्रेस पर हमला बोलते हुए किरण सिंहदेव ने कहा कि जनता ने पांच साल पहले कांग्रेस को भारी बहुमत दिया था, लेकिन सरकार के कामकाज से लोग निराश हो गए।उन्होंने दावा किया कि यही वजह है कि अब कांग्रेस देश में कुछ चुनिंदा राज्यों तक सिमटकर रह गई है।

नीट परीक्षा और ईंधन कीमतों पर भी दिया जवाब

नीट परीक्षा विवाद को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार पूरे मामले को गंभीरता से देख रही है और जहां भी गड़बड़ी सामने आई है, वहां सुधार की प्रक्रिया जारी है।वहीं पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर उन्होंने कहा कि भारत की तुलना पड़ोसी देशों से करनी चाहिए, जहां ईंधन की कीमतें और ज्यादा हैं।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई देशों के साथ समझौते कर देश में ईंधन आपूर्ति को मजबूत किया है।

राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

मीडिया से बातचीत के दौरान किरण सिंहदेव ने राहुल गांधी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है और जनता अब उनकी रणनीति को समझ चुकी है।

Share this Article