छत्तीसगढ़ में मौसम का अजीब खेल! बारिश भी जारी, गर्मी भी बरकरार, 16 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

3 Min Read

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मौसम लगातार रंग बदल रहा है। एक तरफ कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है, तो दूसरी तरफ तापमान भी लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक तापमान बढ़ा, जबकि राजनांदगांव सबसे गर्म जिला रहा, जहां पारा 44 डिग्री तक पहुंच गया।मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 16 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले तीन दिनों तक कई इलाकों में गरज-चमक, बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।

रायपुर में सुबह से बारिश, लोगों को मिली राहत

राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह से ही मौसम बदला हुआ नजर आया। आसमान में घने बादल छाए रहे और कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई।बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन तापमान अब भी ऊंचे स्तर पर बना हुआ है। गुरुवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।

राजनांदगांव बना सबसे गर्म जिला

प्रदेश के कई शहरों में भीषण गर्मी का असर बना हुआ है। राजनांदगांव में सबसे ज्यादा 44 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं दुर्ग, कवर्धा और मुंगेली जैसे जिलों में भी पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया।

प्रमुख शहरों का तापमान इस प्रकार रहा:

राजनांदगांव – 44 डिग्री
दुर्ग – 41.8 डिग्री
रायपुर – 41.5 डिग्री
कवर्धा – 40.8 डिग्री
मुंगेली – 40.7 डिग्री
बिलासपुर – 38.9 डिग्री
जगदलपुर – 38.6 डिग्री
अंबिकापुर – 37.7 डिग्री
बेमेतरा – 37.1 डिग्री

16 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। जिन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है उनमें रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बलौदाबाजार, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा और बलरामपुर शामिल हैं।इन इलाकों में तेज आंधी और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।

अगले तीन दिन तक बदला रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में पिछले कई दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। अगले तीन दिनों तक भी हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।इसके साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

16 मई के बाद फिर बढ़ सकती है गर्मी

बारिश के बावजूद मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 16 मई के बाद तापमान में फिर 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में उमस और गर्मी दोनों लोगों को परेशान कर सकती हैं।

Share this Article