जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम धुरकोट में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां तरबूज खाने के बाद एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया है।
तरबूज और चिकन खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार बच्चों ने घर पर तरबूज और उसके बाद चिकन खाया था। इसके कुछ समय बाद ही सभी बच्चों को उल्टी-दस्त और तेज पेट दर्द की शिकायत होने लगी।हालत बिगड़ने पर परिजन तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन रास्ते में ही एक बच्चे ने दम तोड़ दिया।
तीन बच्चों का इलाज जारी, हालत में सुधार की बात
बाकी तीन बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन ने शुरू की जांच, टीम गांव में तैनात
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों को तुरंत जांच के निर्देश दिए हैं।एसडीएम और मेडिकल टीम को गांव में भेजा गया है, जहां परिवार और अन्य ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है।
तरबूज के सैंपल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी जांच
सिविल सर्जन एस कुजूर के मुताबिक बच्चों द्वारा खाए गए तरबूज के सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं। साथ ही मृत बच्चे का पोस्टमार्टम कर विसरा सुरक्षित रखा गया है ताकि मौत के असली कारणों का पता लगाया जा सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
गांव में दहशत, लोग खाने-पीने को लेकर हुए सतर्क
इस घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है। लोग अब खाने-पीने की चीजों को लेकर ज्यादा सतर्कता बरत रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार गांव में निगरानी बनाए हुए है और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
