सारंगढ़-बिलाईगढ़। सड़क किनारे मिलने वाला चटपटा स्वाद अब खतरे की वजह बनता दिख रहा है। जिले के रेड़ा गांव में गुपचुप खाने के बाद करीब 25 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उल्टी, दस्त और तेज पेट दर्द की शिकायत के चलते सभी को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। घटना के बाद पूरे गांव में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
एक ही ठेले से खाया, फिर शुरू हुई परेशानी
मिली जानकारी के अनुसार गांव में लगे एक ठेले पर लोगों ने गुपचुप खाया था। खाने के कुछ ही घंटों बाद कई लोगों को तबीयत खराब होने लगी। देखते ही देखते संख्या बढ़ती गई और परिजनों को आनन-फानन में सभी को अस्पताल पहुंचाना पड़ा। प्रभावित लोगों में महिलाओं की संख्या अधिक बताई जा रही है, जबकि तीन बच्चे भी इसकी चपेट में आए हैं।
अस्पताल में इलाज जारी, कुछ मरीज रेफर
हालत बिगड़ने पर सभी मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है। कुछ गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ भेजा गया है। चिकित्सकों के अनुसार समय पर उपचार मिलने से अब अधिकांश मरीजों की स्थिति पहले से बेहतर है।
फूड पॉइजनिंग की आशंका, जांच में जुटा स्वास्थ्य विभाग
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सभी लोगों ने एक ही ठेले से गुपचुप खाया था, जिसके बाद फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने बताया कि मरीजों में फूड पॉइजनिंग जैसे लक्षण पाए गए हैं और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है और खाद्य सामग्री के सैंपल जांच के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।
लापरवाही पर उठे सवाल, जिम्मेदारी तय करने की मांग
इस घटना के बाद साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की नियमित जांच नहीं होने से इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं। अब लोगों ने जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग उठानी शुरू कर दी है।
