अयोध्या : सरयू नदी के घाट पर बड़ा हादसा हो गया। जन्मदिन मनाने पहुंचे बस्ती जिले के तीन युवक नदी में नहाने के दौरान अचानक गहरे पानी में चले गए और लापता हो गए। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही जल पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और युवकों की तलाश शुरू कर दी गई।
जन्मदिन का जश्न पलभर में बदला मातम में
जानकारी के मुताबिक बस्ती जिले के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के मंगल बाजार और माली टोला निवासी अमित गुप्ता, अभिषेक सोनी और राज कसौधन अयोध्या घूमने और जन्मदिन मनाने पहुंचे थे। गुरुवार सुबह तीनों सरयू नदी में स्नान कर रहे थे।
इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में चले गए। देखते ही देखते तीनों नदी में डूबकर लापता हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया।
दो श्रद्धालुओं को जल पुलिस ने बचाया
घटना के दौरान अमरोहा से आए दो अन्य श्रद्धालु भी नदी में डूबने लगे थे, लेकिन वहां तैनात जल पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे के बाद घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं में डर और चिंता का माहौल बन गया।
SDRF और गोताखोर चला रहे सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही SDRF, गोताखोरों और जल पुलिस की टीमों ने नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। प्रशासन लगातार युवकों की तलाश में जुटा हुआ है। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही युवकों के परिजन भी अयोध्या के लिए रवाना हो गए हैं।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से की अपील
स्थानीय प्रशासन ने श्रद्धालुओं से नदी में स्नान के दौरान सतर्कता बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि गहरे पानी और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
