छत्तीसगढ़। प्रदेश में गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। लगातार बढ़ते तापमान ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बीते 24 घंटों में मौसम शुष्क बना रहा और तापमान में कोई खास गिरावट दर्ज नहीं की गई।
राजनांदगांव बना सबसे गर्म जिला, 45 डिग्री ने तोड़ा रिकॉर्ड
प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्मी राजनांदगांव में दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में हीट वेव का खतरा
मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में हीट वेव चलने की चेतावनी जारी की है। आने वाले पांच दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, जिससे गर्मी का असर बरकरार रहेगा।
कहीं राहत की उम्मीद: इन जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट
तेज गर्मी के बीच कुछ इलाकों में मौसम राहत भी दे सकता है। सोमवार को सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद और महासमुंद में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
