बिलासपुर में नकली सिगरेट का बड़ा भंडाफोड़, ‘गोल्ड फ्लैक’ के नाम पर चल रहा था करोड़ों का खेल

2 Min Read

बिलासपुर : के व्यापार विहार स्थित मालधक्का इलाके में नकली सिगरेट के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। ITC Limited की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए ‘गोल्ड फ्लैक’ ब्रांड के नाम पर चल रहे इस अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया।

शिकायतों से शुरू हुई जांच, सैंपल खरीदकर खोला राज
कंपनी को लगातार मिल रही शिकायतों के बाद दिल्ली से आई टीम ने शहर में अलग अलग दुकानों और पान ठेलों से सिगरेट के सैंपल खरीदे। जांच में साफ हुआ कि बाजार में बेची जा रही सिगरेट असली नहीं, बल्कि डुप्लीकेट है।

ग्राहक बनकर पहुंची टीम, सप्लाई करने वाले तक पहुंची कड़ी
पूरे नेटवर्क तक पहुंचने के लिए टीम ने खुद को ग्राहक बताकर संपर्क किया। इसके बाद उन्हें महाराणा प्रताप चौक के पास निगम कॉलोनी बुलाया गया, जहां से थोक में सिगरेट सप्लाई हो रही थी।

फर्म पर छापा, 5 लाख की नकली सिगरेट जब्त
टीम ने मौके पर पहुंचकर रोशन चंदानी की फर्म में रखे स्टॉक की जांच की। असली उत्पाद से मिलान करने पर पूरा माल नकली निकला। कार्रवाई के दौरान करीब 5 लाख रुपये कीमत के चार कार्टन सिगरेट जब्त किए गए।

रोजाना लाखों की कमाई, शहरभर में फैला था नेटवर्क
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कारोबारी शहर के कई छोटे बड़े दुकानदारों को यह नकली सिगरेट सप्लाई कर रहा था। इस अवैध धंधे से रोजाना 2 लाख रुपये से अधिक की कमाई की जा रही थी।

पुलिस जांच में जुटी, पूरे नेटवर्क की तलाश जारी
कार्रवाई के बाद टीम ने सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज कराया और जब्त सामग्री पुलिस को सौंप दी गई। अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और सप्लाई चेन की गहराई से जांच कर रही है।

नकली सिगरेट की पहचान कैसे करें, जानिए जरूरी संकेत
विशेषज्ञों के अनुसार असली और नकली सिगरेट में अंतर पैकेजिंग की गुणवत्ता, प्रिंटिंग, होलोग्राम, यूनिक कोड, सिगरेट की बनावट और स्वाद से आसानी से समझा जा सकता है।

Share this Article