छत्तीसगढ़ में किसानों के लिए बड़ा कदम…515 नई पैक्स समितियों का आज शुभारंभ

2 Min Read

रायपुर: छत्तीसगढ़ में सहकारिता व्यवस्था को मजबूत करने और किसानों को सीधे लाभ पहुंचाने के लिए एक अहम पहल की गई है। राज्य में 515 नई प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों यानी पैक्स का गठन किया गया है, जिनका वर्चुअल शुभारंभ आज किया जाएगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे शुभारंभ, नवा रायपुर से होगा कार्यक्रम

इस महत्वपूर्ण योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटलनगर से वर्चुअल माध्यम से करेंगे। इस दौरान राज्यभर के सहकारिता से जुड़े जनप्रतिनिधि और अधिकारी ऑनलाइन कार्यक्रम से जुड़ेंगे।

अमित शाह के मार्गदर्शन में तैयार हुआ मॉडल

यह पहल केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में तैयार की गई है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना और किसानों को आत्मनिर्भर बनाना है।

किसानों को अब गांव में ही मिलेंगी जरूरी सुविधाएं

सहकारिता मंत्री केदार कश्यप के अनुसार नई पैक्स समितियों के गठन से किसानों को अब ऋण, खाद, बीज और अन्य कृषि संसाधन स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगे। इससे किसानों को दूर दराज के इलाकों में भटकना नहीं पड़ेगा और समय के साथ लागत में भी कमी आएगी।

सरकारी योजनाओं का मिलेगा सीधा लाभ, बढ़ेगी किसानों की आय

इस पहल से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचेगा। बेहतर क्रियान्वयन के चलते किसानों की आय में वृद्धि होने की उम्मीद है और गांवों के समग्र विकास को भी गति मिलेगी।

सहकारिता तंत्र होगा मजबूत, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा नया आधार

सरकार का मानना है कि इस कदम से सहकारिता व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था के निर्माण की दिशा में यह एक बड़ा बदलाव साबित होगा।

राज्यभर के अधिकारी और जनप्रतिनिधि होंगे शामिल

इस कार्यक्रम में अपेक्स बैंक, जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के पदाधिकारी, पैक्स प्रतिनिधि और सहकारिता विभाग के अधिकारी वर्चुअल रूप से जुड़ेंगे। मुख्यमंत्री अपने संबोधन में किसान हितैषी योजनाओं और सहकारिता आधारित विकास मॉडल पर विस्तार से बात करेंगे।

Share this Article