रायपुर में गोदाम चोरी का खुलासा, 4 दिन में 6 आरोपी गिरफ्तार

3 Min Read

रायपुर: राजधानी के खमतराई थाना क्षेत्र में गोदाम से जी.आई. सामान की चोरी के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज चार दिन में पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया। इस कार्रवाई में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और चोरी का माल भी बरामद कर लिया गया है।

शटर तोड़कर ले उड़े हजारों का सामान
घटना 6 अप्रैल 2026 की शाम की है, जब रावांभाठा स्थित के.वी. इंटरप्राइजेस के गोदाम का शटर तोड़कर चोर अंदर घुसे। आरोपियों ने 2950 नग जी.आई. मोबिल क्लैप और 60 नग जी.आई. ज्वाइंट बॉक्स चोरी कर लिए। कुल चोरी की कीमत करीब 95 हजार रुपये आंकी गई।

मुखबिर की सूचना से खुला राज
मामले में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर आरटीओ के पीछे देवारपारा इलाके में घेराबंदी कर जैन मरकाम उर्फ बजरंगी को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली।

रात के अंधेरे में वारदात, दो आरोपियों ने निभाई मुख्य भूमिका
पुलिस जांच में सामने आया कि 10 अप्रैल की रात करीब 1 बजे मन्नू सोनवानी और शिवा नागरची गोदाम में घुसे और चोरी को अंजाम दिया। इसके बाद माल को आपस में बांट लिया गया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने जैन मरकाम उर्फ बजरंगी, मन्नू सोनवानी, शेरा नागरची, शिवा नागरची, ओमप्रकाश उर्फ कृष्णा भारती और गोपी नेताम को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी रावांभाठा और आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले हैं।

पहले भी आपराधिक मामलों में रहे शामिल
जांच में यह भी सामने आया कि कुछ आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से रहा है। मन्नू सोनवानी पर आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है, जबकि ओमप्रकाश भारती पहले लूट और आबकारी मामलों में जेल जा चुका है।

पुलिस की आगे की जांच जारी
फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी का सामान कहां खपाया गया और इस गिरोह में अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं।

Share this Article